देवरिया , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में वन स्टॉप सेंटर के औचक निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शैलजा मिश्रा ने कहा कि पीड़िताओं की सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धनेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर मंगलवार को किए गए निरीक्षण के दौरान श्रीमती मिश्रा ने पीड़ित महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीड़िताओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में फ्रंट और साइड कैमरे बंद पाए गए, जिस पर उन्होंने केंद्र प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाते हुए कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने केंद्र प्रबंधक नीतु भारती को निर्देशित किया कि जिन महिलाओं को विधिक सहायता की आवश्यकता हो, उनके मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक संख्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को संदर्भित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर न्यायिक सहायता मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित