रायपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को बिलासपुर में नेहरू चौक से दर्रीघाट तक निर्माणाधीन 10 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निरीक्षण कर अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री बंसल ने निरीक्षण के बाद विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर बिलासपुर जिले में चल रहे महत्वपूर्ण सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना के विभिन्न चरणों के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि निविदा स्वीकृत होने के एक माह के भीतर हर हाल में निर्माण कार्य शुरू कराया जाए तथा ठेकेदारों के साथ समन्वय बनाकर परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए।
बैठक में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप अग्रवाल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
पंकज उप्रेतीवार्तासमीक्षा बैठक में कोनी-मोपका बायपास, जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज, जयरामनगर-सीपत रोड बायपास, उच्च न्यायालय ऑडिटोरियम, नए जेल भवन तथा बोदरी में ओआईसी विश्राम भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित