वाराणसी , अगस्त 7 -- लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लापरवाही के कारण चितईपुर मार्ग पर बने गड्ढों और उनमें जलभराव से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन होने के बावजूद स्थानीय लोगों का आक्रोश नगर निगम को झेलना पड़ रहा है।

जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल तथा अन्य अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को फटकार लगाई।

महापौर और नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को सड़क के सभी गड्ढों को तत्काल भरकर आवागमन सुचारु करने के निर्देश दिए। महापौर ने चेतावनी दी कि यदि कार्य में लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध शासन को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

गौरतलब है कि सड़क की मरम्मत के दौरान जगह-जगह खोदे गए गड्ढों में वर्षा का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मदन मोहन तिवारी, गोपाल जी, सुरेश पटेल, नामित पार्षद कमलेश पाल, पार्षद प्रतिनिधि अतुल पांडेय, विनीत सिंह और अजय बिंद उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आशुतोष सिंह, नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित