जयपुर , मई 10 -- गुजरात टाइटंस के लेग स्पिनर राशिद ख़ान ने माना कि पिछले साल पीठ की सर्जरी के बाद जल्द वापसी करना उनकी "बहुत बड़ी ग़लती" थी, लेकिन आईपीएल 2026 में उन्होंने फिर से अपनी लय हासिल कर ली है। वह दोबारा गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए मैच जिताने लगे हैं, और इसका ताज़ा उदाहरण चार विकेट वाला यह प्रदर्शन है, जो उन्होंने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के ख़िलाफ़ किया।

आईपीएल 2025 में उन्होंने 15 मैचों में सिर्फ़ नौ विकेट लिए थे। लेकिन राशिद ने इस सीज़न शानदार वापसी की है और अब तक 11 मैचों में 15 विकेट ले चुके हैं।

राशिद ने कहा, "जब मेरी सर्जरी हुई, मैं सिर्फ़ दो महीने में मैदान पर लौट आया था और वह मैंने बहुत जल्दबाज़ी में किया। मुझे लगता है कि उस समय मैंने बहुत बड़ी ग़लती की। लेकिन मुझे अफ़ग़ानिस्तान के लिए वापस आना था और वे मैच खेलने थे।मुझे लगता है कि पिछले साल आईपीएल खत्म होने के बाद मुझे दो-तीन महीने का पूरा ब्रेक मिला और मैंने अपनी फ़िटनेस पर काम करने की पूरी कोशिश की। मैंने अपनी पीठ को फिर से ठीक हालत में लाने पर ध्यान दिया। मुझे लगता है कि क्रीज़ से गुजरते समय जो लय होती है, वही मेरे अंदर से गायब थी। उसके बाद मुझे मैदान पर अच्छा समय मिला और फिर बस उसी लय को मैंने जारी रखा।"और जयपुर में वही लय साफ़ दिखी। जीटी ने सातवें ओवर में राशिद के गेंदबाज़ी पर आने तक तीन विकेट ले लिए थे। उन्हें पता था कि पिच से मदद मिल रही है। हालांकि आरआर ने तब तक 12.28 की रन रेट से 86 रन बना लिए थे। राशिद ने अपने पहले ही ओवर में दो बल्लेबाज़ों को बोल्ड कर दिया। उन्होंने तेज़ शुरुआत कर चुके ध्रुव जुरेल को चकमा दिया और फिर डोनोवन फ़रेरा को लेगब्रेक पर पूरी तरह बीट कर दिया। 230 रन का पीछा कर रही आरआर की टीम इसके बाद कभी संभल नहीं सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित