पटना , सितंबर 11 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सरकारी चिकित्सा एवं दंत महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम में अध्ययनरत छात्रों के मानदेय में वृद्धि के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत किया है और शुक्रवार को कहा कि इससे राज्य में चिकित्सकीय मानव संसाधन को मजबूत करने तथा चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर इस निर्णय के लिए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री कुमार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों के हितों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
जदयू नेता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने एक जनवरी 2026 से पीजी प्रथम वर्ष के छात्रों का मानदेय 82 हजार रुपये से बढ़ाकर 92,800 रुपये, द्वितीय वर्ष के छात्रों का 90,200 रुपये से बढ़ाकर 1,02,000 रुपये तथा तृतीय वर्ष के छात्रों का 99,220 रुपये से बढ़ाकर 1,12,200 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हाल में स्वास्थ्य मंत्री ने सरकारी चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षकों के मानदेय में भी वृद्धि की घोषणा की थी।
श्री कुशवाहा ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों और चिकित्सा छात्रों के लिए लगातार किए जा रहे ऐसे निर्णय उन्हें बेहतर प्रोत्साहन देने के साथ ही राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित