चंडीगढ़ , जुलाई 22 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को राज्य स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के कर्मचारियों की जारी हड़ताल और उनकी लंबित मांगों पर चिंता जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कर्मचारियों की जायज मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़ी है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि पीएसपीसीएल कर्मचारी लंबे समय से वेतन विसंगतियों को दूर करने, लंबित महंगाई भत्ता की किश्तें जारी करने, पदोन्नति, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने, विभिन्न भत्तों की बहाली तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार इन मुद्दों को गंभीरता से लेने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारी पंजाब की विद्युत व्यवस्था की रीढ़ हैं। भीषण गर्मी, भारी बारिश और आपात परिस्थितियों में भी वे अपनी जान जोखिम में डालकर 24 घंटे बिजली आपूर्ति बनाये रखने का कार्य करते हैं। ऐसे कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ तुरंत सार्थक वार्ता शुरू कर उनकी लंबित मांगों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को टकराव की बजाय संवाद और सहमति का रास्ता अपनाना चाहिए।
श्री ढिल्लों ने हड़ताली कर्मचारियों से भी अपील की कि वे व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बिजली सेवाओं को बाधित न होने दें, ताकि किसानों, उद्योगों, अस्पतालों और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा कर्मचारियों, श्रमिकों और आम लोगों के अधिकारों एवं कल्याण के पक्ष में रही है।
पार्टी का मानना है कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और आम जनता को निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराना दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पंजाब सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका शीघ्र समाधान करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित