नवादा, मार्च 13 -- बिहार में नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की विशेष टीम ने शुक्रवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के सक्रिय सदस्य अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना के आधार पर पीएलएफआई के सक्रिय सदस्य अजीत यादव को गिरफ्तार किया गया है।अजीत यादव मूल रूप से नवादा जिला के रजौली थाना क्षेत्र के दिलवा गांव का रहने वाला है।
सूत्रों ने बताया कि अजीत यादव की निशानदेही पर कुछ स्थानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक एके-47 रायफल, 21 कारतूस, दो मैगजीन, प्वाइंट 315 बोर के दो रायफल एवं इस बोर के 10 कारतूस, तीन एम्यूनिशन पॉउच और सेना की तीन सेट वर्दी बरामद की गई। इस मामले को लेकर रजौली थाना में मामला दर्ज कराया गया है। अजीत यादव लेवी, रंगदारी, हत्या समेत कई आपराधिक घटनाओं में शामिल था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित