पुणे , जनवरी 19 -- देश भर में औद्योगिक प्रशिक्षण के लिए स्थापित संस्थानों और आईआईटी को प्रोत्साहित करने के लिए घोषित पीएम-सेतु योजना को लागू करने के बारे में केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के तत्वावधान में पुणे में उद्योग जगत के साथ आयोजित परामर्श कार्यक्रम में 40 से विभिन्न क्षेत्रों की अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया।

मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस परामर्श में महिंद्रा एंड महिंदा, टाटा ग्रुप, टाटा मोटर्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, गोदरेज और फिएट जैसी प्रमुख औद्योगिक कंपनियों और समूहों सहित वाहन, निर्माण, वस्त्र, एफएमसीजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, तेल और गैस, और नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों की 40 से ज़्यादा कंपनियों ने भाग लिया।

इस दौरान हब-एंड-स्पोक -धुरी और परिधि) आईटीआई मॉडल, विशेष प्रयोगजन इकाईयों के माध्यम से उद्योगों के नेतृत्व वाले संचालन, पाठ्यक्रम नवाचार, प्रशिक्षकों का उन्नयन और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने के विषयों पर चर्चा की गयी।

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने पीएम-सेतु के तहत उद्योगों के आगे आने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना आईटीआई को न केवल बेहतर अवसंरचना के माध्यम से, बल्कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षक के प्रदर्शन, आधुनिक शिक्षण पद्धति और मापने योग्य प्लेसमेंट परिणामों पर अधिक ध्यान केंद्रित करके, उद्योग के लिए अधिक प्रासंगिक, महत्वाकांक्षी और परिणाम-उन्मुख बनाने के लक्ष्य पर आधारित है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत आईटीआई औंध पुणे, आईटीआई गर्ल्स पुणे, आईटीआई पिंपरी चिंचवाड़ और फ्रोनियस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, भोसरी का फील्ड कर दौरा भी शामिल था। इससे प्रतिभागियों को संस्थागत बुनियादी ढांचे, प्रशिक्षण पारिस्थितिकी तंत्र और उद्योग-एकीकृत कौशल मॉडल का प्रत्यक्ष अनुभव मिला।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2025 में पीएम सेतु (प्रधान मंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईआईटी ) शुरू की थी। इसमें पांच वर्षों में 60,000 करोड़ के परिव्यय के प्रावधान से आईटीआई को सरकारी स्वामित्व वाले लेकिन उद्योग-प्रबंधित संस्थानों में बदलना है। इस योजना के तहत बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करके, नए पाठ्यक्रम शुरू करके, और इनके प्रशासन को उद्योगों के नेतृत्व में संचालित करने जैसे कार्यक्रम शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित