यमुनानगर, अक्टूबर 19 -- एक तरफ सरकार पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के जरिए आम जनता को राहत देने का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ हरियाणा में सोलर सिस्टम लगाने वाले वेंडर बिजली मीटर न मिलने से परेशान हैं।
मीटरों की कमी के कारण उपभोक्ताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर आज सोलर वेंडर बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधीक्षक अभियंता को शिकायत देकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
सोलर वेंडरों का कहना है, कि उनके पास जुलाई 2026 तक के आवेदन लंबित पड़े हैं, लेकिन बिजली मीटर उपलब्ध नहीं होने के कारण वे उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। इसके कारण उपभोक्ता लगातार वेंडरों से सवाल पूछ रहे हैं। वेंडरों ने विभाग से जल्द मीटर उपलब्ध करवाने की मांग की है।
जिन लोगों ने जुलाई-अगस्त में सोलर इंस्टॉल करवा लिया और बिजली मीटर के लिए आवेदन कर दिया, उनके भी अभी तक मीटर नहीं लगे हैं। उपभोक्ता विनोद मेहता ने बताया कि वह बार-बार वेंडर को फोन करते हैं, लेकिन वेंडर का एक ही जवाब होता है कि बिजली निगम से मीटर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार लगातार योजना का प्रचार-प्रसार कर रही है, तो मीटर उपलब्ध करवाना किसकी जिम्मेदारी है।
बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता सोमवीर भालोठिया का कहना है कि सोलर के लिए सिंगल फेस के मीटर को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। थ्री फेस के जो मीटर आए थे, उनमें तकनीकी दिक्कत थी, जिसे सही करने के लिए कहा गया है, इसमें कुछ समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता बाहर से मीटर लाकर टेस्ट करवाकर लगवाना चाहे, वह भी लगवा सकते हैं, बशर्ते वह मीटर बिजली निगम द्वारा अधिकृत कंपनियों का हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित