चंडीगढ़ , मई 22 -- हरियाणा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर शुक्रवार को पंचकूला में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विशेष ऊर्जा सचिव एवं बिजली निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने की। अधिकारियों को रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना में तेजी लाने और लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में योजना के तहत मिले आवेदन, स्वीकृत मामलों और इंस्टॉलेशन कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों और विक्रेता को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए तय समय में कार्य पूरा करने को कहा गया। समन्वय बढ़ाने के लिए हर महीने के पहले बुधवार को बैठक आयोजित होगी।
बैंक अधिकारियों से ऋण स्वीकृति प्रक्रिया आसान और तेज करने का आग्रह किया गया, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। समीक्षा में बताया गया कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने 36,130 और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने 45,605 कनेक्शन जारी किए हैं। दोनों निगमों द्वारा अब तक कुल 81,735 कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।
अधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सोलर योजना के लाभ बताने के निर्देश भी दिए गए। योजना का उद्देश्य बिजली बिल कम करना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित