भभुआ , अप्रैल 29 -- आम नागरिकों को सस्ती, सुलभ एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सोलर अधिष्ठापन में तेजी लाने के लिये विद्युत विभाग एवं विभिन्न बैंकों के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सोलर मेला सह लोन मेला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैमूर के जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह उपस्थित रहे। मेला का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्रणाली के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें योजना से जोड़ना था। इस अवसर पर विशेषज्ञों एवं तकनीकी टीम द्वारा सोलर पैनल की स्थापना, कार्यप्रणाली, रख-रखाव, लागत, सब्सिडी तथा इससे होने वाले आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
मेला की विशेषता ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण सुविधा रही, जिसके माध्यम से इच्छुक उपभोक्ताओं ने तत्काल आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया प्रारंभ की। विभिन्न अधिकृत वेंडर्स एवं एजेंसियों ने भाग लेकर उपभोक्ताओं को उपयुक्त सोलर समाधान उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. इंद्रदेव कुमार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने पर सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत एक किलोवाट पर 30000, दो किलोवाट पर 60000 तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78000 तक की सब्सिडी दी जाती है। इसके अतिरिक्त, सोलर संयंत्र स्थापना के लिये बैंकों के माध्यम से लगभग सात प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर दो लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित