पटना , सितंबर 12 -- िलाधिकारी कुन्दन कुमार के निर्देश के आलोक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार द्वारा पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में सोलर पैनल अधिष्ठापन, बैंक ऋण एवं कार्य एजेंसियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रतिमाह 300 यूनिट से अधिक बिजली का उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया जाए। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता, विद्युत को ऐसे उपभोक्ताओं की सूची सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आएगी तथा स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि बीपीएल परिवारों के लिए सोलर पैनल अधिष्ठापन कार्य में काफी प्रगति हुई है। पटना जिले में 5,585 बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित है तथा अबतक 2236 सोलर पैनल लगाए जा चुके हैँ।उप विकास आयुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत को कार्य में और तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित