जयपुर , जून 18 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले एक विशेष कार्यक्रम में 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत 2400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित करने के अवसर पर राजस्थान में जयपुर सहित सात स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के आंचलिक कार्यालय में अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त एवं अंचल प्रमुख अजीत कुमार ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। श्री कुमार ने बताया कि ईपीएफओ द्वारा देशभर में लगभग 200 स्थानों पर समानांतर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। राजस्थान में सात स्थानों - जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अलवर, पाली और भीलवाड़ा में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें लगभग 3100 प्रतिभागियों के शामिल होने का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर राज्य स्तरीय कार्यक्रम महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज सीतापुरा,जयपुर में शुक्रवार सायं साढ़े चार बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में सांसद राव राजेन्द्र सिंह एवं विधायक कालीचरण सराफ तथा अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर जयपुर के 50 से अधिक नियोक्ता, 500 से अधिक कर्मचारी, क्षेत्रीय समिति, ईपीएफ, राजस्थान के सदस्य, विभिन्न उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि तथा अन्य हितधारक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को श्री मोदी द्वारा जारी की जाने वाली प्रोत्साहन राशि के तहत राजस्थान में पीएम-वीबीआरवाई के भाग-ए एवं भाग-बी के लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। भाग-एक के तहत पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले 29 हजार 596 लाभार्थी कर्मचारियों को लगभग 13.37 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जायेगी जबकि भाग-बी के तहत अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले 2468 लाभार्थी नियोक्ताओं को करीब 46.88 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित