गोपालगंज,25सितंबर(वार्ता) बिहार के गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में उद्योग विभाग की ओर से संचालित पीएम विश्वकर्मा योजना को स्टेज-02 से स्टेज-03 स्तर पर अग्रसारित करने के लिये जिला क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई।पीएमईजीपी, पीएमएफएमई एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की अद्यतन प्रगति की भी बैंकवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों को समय पर लाभ पहुंचाने तथा बैंक स्तर पर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

गोपालगंज जिला उद्योग केंद्र, के महाप्रबंधक आयुष कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पीएम विश्वकर्मा योजना के प्रावधानों, आवेदन प्रक्रिया एवं विभिन्न चरणों में होने वाली कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।जिला क्रियान्वयन समिति के समक्ष पीएम विश्वकर्मा योजना के स्टेज-02 स्तर पर प्राप्त कुल 34 आवेदनों को रखा गया। समिति द्वारा भौतिक सत्यापन के आधार पर सभी आवेदनों की समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद 12 आवेदनों को स्टेज-03 स्तर पर अग्रसारित करने के लिए योग्य पाया गया।

निर्धारित मानकों के अनुरूप योग्य नहीं पाए गए 22 आवेदनों को अस्वीकृत किया गया। समिति द्वारा भौतिक सत्यापन और निर्धारित पात्रता के आधार पर आवेदनों पर निर्णय लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित