चंडीगढ़ , जून 21 -- हरियाणा के विभिन्न जिलों में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्रियों और राज्यसभा सांसदों ने योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन का स्थायी हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया, जिसके बाद योग को वैश्विक पहचान मिली। उन्होंने योग को शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली प्राचीन भारतीय विधा बताया।

पलवल में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश और दुनिया के लोगों को योग से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

झज्जर में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मन, तन और आत्मा के समन्वय की कला है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित