समस्तीपुर , सितंबर 12 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं बिहार सरकार के अनुसूचित एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पार्टी ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक राज्य में "सेवा संकल्प अभियान"चलाने का निणर्य लिया है। श्री पासवान शनिवार को समस्तीपुर शहर के प्रितिका इंन सभागार में भाजपा द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन 'जनसेवा से राष्ट्रसेवा' का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से उनके कार्यों, गरीब कल्याण की योजनाओं, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।

श्री लखेन्द्र ने कहा कि इस अभियान के तहत बिहार में 'आशीर्वाद का दीया', 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत', 'नमो सेवा गाथा', 'आंगन का उत्सव', 'कहानी बदलाव की', 'विकसित भारत संकल्प यात्रा और जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा, जिसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान में 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में विभिन्न जनसेवा गतिविधियों पर भी जोर रहेगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

इस प्रेस वार्ता में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मनोज कुमार गुप्ता, भाजपा के समस्तीपुर उत्तरी जिलाध्यक्ष नीलम सहनी, भाजपा के समस्तीपुर दक्षिणी के जिलाध्यक्ष शशिधर झा,भाजपा के जिला महामंत्रीसुनील कुमार गुप्ता, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता मुकेश सिंह और भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव समेत अन्य राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित