बारां , जून 17 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता सीट से विधायक प्रमोद जैन भाया ने पीएम- जनमन योजना के तहत भूमिहीन जनजातीय परिवारों को आवास निर्माण के लिये भूमि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा को पत्र लिखा है।

श्री भाया ने बुधवार को बताया कि पंचायत समिति मांगरोल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पात्र लाभार्थियों के लिए आबादी भूमि विस्तार के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, लेकिन भूमि उपलब्ध नहीं होने से कई परिवार योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि भूमि की कमी के कारण गरीब एवं वंचित परिवारों के आवास निर्माण में बाधा आ रही है और सरकारी सहायता का भी पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

श्री भाया ने श्री असावा से जिलेभर के लंबित प्रस्तावों की समीक्षा करके आवश्यक कार्रवाई करने, उपखंड अधिकारियों से प्रस्ताव मंगवाने और पात्र परिवारों को शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।

श्री भाया ने इस विषय पर जिला स्तरीय बैठक आयोजित करके जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानपूर्वक आवास मिलना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित