रायपुर , अक्टूबर 23 -- ) छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से कथित धोखाधड़ी के मामले में ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि ठेकेदार ने तीन हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लिए, लेकिन मकानों का निर्माण पूरा नहीं किया और राशि भी वापस नहीं लौटाई।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर हितग्राहियों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इस तरह जिले में अब तक तीन ठेकेदारों के विरुद्ध मामले दर्ज हो चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला, ग्राम पंचायत बेंदा का है। हितग्राही राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम पर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि भूतपूर्व सरपंच पति शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान ने आवास निर्माण का ठेका लिया था। हितग्राहियों से पहली किस्त के रूप में 40-40 हजार रुपये तथा दूसरी किस्त के 60 हजार रुपये भी नगद लिए गए, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।
हितग्राहियों द्वारा राशि वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाने की शिकायत की गई। शिकायत के अनुसार, तीनों हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये, कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लेने के मामले में चिल्फी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित