प्रतापगढ़ , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सरकारी पोर्टल की लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग कर अपात्र लोगों का फर्जी पंजीकरण कराने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुंडा तहसील में तैनात एक संविदा वीआरसी ऑपरेटर भी शामिल है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि गिरोह के सदस्य बिना भूमि अभिलेखों के अपात्र व्यक्तियों का पंजीकरण कराने के लिए सरकारी पोर्टल की लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, एक बायोमेट्रिक डिवाइस और धोखाधड़ी से संबंधित डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे छत्ता गांव निवासी शिव कुमार यादव, पूरे पांडेय निवासी अनुराग गुप्ता और कुंडा थाना क्षेत्र के नया का पुरवा गांव निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के काम करने के तरीके और फर्जी पंजीकरण से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित