चम्पावत , मार्च 14 -- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी होने के अवसर पर उत्तराखंड के चम्पावत जिले में किसान उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का जीवंत प्रसारण देखा और जानकारी ली।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार गुवाहाटी के ज्योति विष्णु इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण चम्पावत जिले भर के किसानों ने उत्साहपूर्वक देखा।
चंपावत के जिला सभागार के साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र लोहाघाट, विकासखंड चम्पावत, पाटी, बाराकोट और लोहाघाट के विकासखंडों में किसान उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त प्राप्त होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा वर्तमान में संचालित एग्रीस्टैक योजना के बारे में भी अवगत कराया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा किसानों को सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित