रायपुर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच राज्य के मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर गरीबों को आवास से वंचित रखने का आरोप लगाया।

मंत्री नेताम ने यहां कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में पीएम आवास का काम रोककर रखा था और सभी को मालूम है कि कांग्रेस सरकार में गरीबों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में गरीबों को पक्का आवास देने का वादा किया था और सरकार बनने के बाद उस वादे को पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने भी घोषणा की थी कि छत्तीसगढ़ में जहां आवास की जरूरत होगी, वहां उपलब्ध कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य में पीएम आवास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच हाल में सीधी बहस के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन पर भाजपा के प्रस्तावित 'सेवा संकल्प अभियान' और कांग्रेस की ओर से इसे 'महंगाई दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा को लेकर भी श्री नेताम ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के नाम से कांग्रेस के कपड़े गीले हो जाते हैं।"मंत्री नेताम ने कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री मोदी के सेवा-सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और उनके जन्मदिन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह भी 'आशीर्वाद का दिया' जलाकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लिए जो किया है, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है और ऐसा प्रधानमंत्री पाकर देश गर्व महसूस कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित