रायपुर , अगस्त 23 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर फिर से झूठ बोलने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे पत्र में उन्होंने 10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण करने की बात लिखी थी।

श्री शर्मा ने रविवार को यहां मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जब चर्चा का विषय आता है, तब श्री बघेल उसमें भाग नहीं लेते। उन्होंने कहा, "उनका मामला राहुल गांधी की तरह ही है।" उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि टीएस सिंहदेव ने भी तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा था। विभाग के सचिवों के अलावा केंद्रीय मंत्रियों की ओर से भी पत्र लिखे गए थे।

उन्होंने कहा कि आवासों के आंकड़ों में पीएम आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम जनमन योजना के आवासों को भी जोड़ा गया है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने नक्सलवाद से लड़ने के लिए वर्ष 2023 में नीति बनाई थी और इसी तरह सितंबर 2023 में पीएम आवास की स्वीकृति भी कांग्रेस ने दी थी।

नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए राज्य के गृह मंत्री ने कहा, "जिसका रोल मॉडल हिडमा हो वो क्या नक्सलवाद खत्म करेंगे। जिनके दिमाग में नक्सल हो, वह क्या नक्सलवाद खत्म करेंगे।" उन्होंने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम पर अप्रत्यक्ष रूप से नक्सलियों को समर्थन देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने 2023 में नक्सल नीति बनाई थी, लेकिन हकीकत यह है कि नक्सलवाद के मामले में कांग्रेस ने कोई काम नहीं किया। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस बताए कि हिडमा उनका रोल मॉडल कैसे हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित