श्रीगंगानगर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में हेड कैशियर द्वारा 14 लाख रुपये के गबन का मामला दर्ज कराया गया है।
शाखा प्रबंधक अभिनव अरोड़ा ने शुक्रवार को हेड कैशियर ईश्वर पंवार के खिलाफ रायसिंहनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामले के अनुसार ईश्वर पंवार पीएनबी रायसिंहनगर शाखा में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत था। गत 19 सितंबर को उसने एटीएम के लिए बीएनए (बंच नोट एक्सेप्टेंस) सिस्टम में 15 लाख रुपये डालने के नाम पर कैश काउंटर से यह राशि प्राप्त की। लेकिन बीएनए में मात्र एक लाख रुपये ही डाले और 15 लाख का इंद्राज दिखाकर 14 लाख रुपये अपने निजी उपयोग के लिए रख लिए। दस्तावेजों और वाउचर में भी झूठी प्रविष्टि की गई।
फिर 21 सितंबर को सुबह ईश्वर पंवार ने अपने मोबाइल नंबर से शाखा प्रबंधक अभिनव अरोड़ा के मोबाइल पर वॉट्सएप मैसेज भेजा। मैसेज में लिखा था- "नमस्ते सर। मैं कर्ज से परेशान होकर घर छोड़कर जा रहा हूं। दो-तीन महीने भी लग सकते हैं। बैंक में 14 लाख कैश कम है, शनिवार को भी कम था। अब मेरी नौकरी आपके हाथ है। घरवालों को परेशान मत करना। बैंक की चाबी कैश ड्रॉअर में है।"मैसेज पढ़ने के बाद अभिनव अरोड़ा तुरंत बैंक पहुंचा और कैश बैलेंस, कैश बुक और संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। जांच में 14 लाख की कमी की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्होंने ईश्वर पंवार के परिवार से संपर्क किया और पूरी स्थिति बताई। परिवार ने उसी दिन बैंक में मैसेज में अंकित राशि जमा कर दी। शाखा प्रबंधक ने उसी दिन श्रीगंगानगर स्थित मुख्य कार्यालय को मौखिक रूप से जानकारी दी।
जानकार सूत्रों के अनुसार राशि जमा हो जाने के बावजूद बैंक प्रबंधन द्वारा ईश्वर पंवार के खिलाफ सेवा संबंधी आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित