सहारनपुर , सितंबर 9 -- पंजाब नेशनल बैंक की सहारनपुर के सोफिया मार्केट स्थित शाखा के करेंसी चेस्ट से मिले 17 करोड़ 29 लाख रूपए के नोटों के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बैंक प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। 29 अगस्त को इस प्रकरण के सामने आने के बाद तीन बैंक प्रबंधकों समेत चार लोगों के खिलाफ थाना सदर बाजार पुलिस में नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने इस मामले की जांच एसआईटी को सौंपी थी। बाद में एनआईए ने जांच अपने हाथ में ले ली थी। पुलिस ने इस मामले में अभी जो जांच पड़ताल की है उसका रिकार्ड केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंपा जा रहा है। इसके बाद एजेंसी आगे की जांच के लिए संदिग्ध संपर्कों, लेन-देन और नकली नोटों से जुड़े नेटवर्क पर आगे जांच और कार्रवाई करेगी।
पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से जुड़े नकली नोटों का दायरा बैंक के उन खाताधारकों तक पहुंच गया है जिन्होंने भारी मात्रा में नकदी निकाली। जांच में सामने आया है कि संबंधित पीएनबी की करेंसी चेस्ट से सहारनपुर नगर के कई बड़े कारोबारियों के खाते संचालित हैं। एनआईए द्वारा गिरफ्तार पूर्व प्रबंधक अमित कुमार इस मामले का मुख्य आरोपी है। इस घोटाले के सामने आने के बाद अमित कुमार और दो अन्य प्रबंधकों समेत चार लोगों को मुअत्तल कर दिया गया था। सभी आरोपी फरार थे। पुलिस और एनआईए की टीम उनकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
एनआईए के एक अधिकारी ने आज बताया कि गिरफ्तार अमित कुमार से पूछताछ की जा रही है। अमित कुमार सहारनपुर के बाद हरियाणा की पीएनबी की शाखा में कार्यरत था। एसएसपी सहारनपुर अभिनंदन सिंह ने आज अमित कुमार की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित