पटना , मार्च 20 -- लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचईडी) विभाग में कार्यों के सफल क्रियान्वयन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए 23 महिला पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह ने सभी चयनित महिला कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। सम्मानित होने वालों में विभिन्न संवर्गों की कर्मी एवं पदाधिकारी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभाग में कार्यरत राष्ट्रीय स्तर की महिला कबड्डी खिलाड़ी संतोषी कुमारी को खेल के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री संजय कुमार सिंह ने विभाग की समस्त नारी-शक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह अवसर केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
मंत्री ने कहा कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की महत्वाकांक्षी योजना "हर घर नल का जल" के सफल क्रियान्वयन में महिला कर्मियों का अमूल्य योगदान है, जो समाज की बुनियादी संरचना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि 08 मार्च से 22 मार्च 2026 तक मनाया जा रहा 'जल महोत्सव' सशक्त समाज, समृद्ध भविष्य एवं महिलाओं के अदम्य साहस का उत्सव है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने से महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वे आज पुरुषों के समकक्ष कार्य करते हुए राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। यह राज्य सरकार की नारी सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मंत्री ने बताया कि "हर घर नल का जल" योजना के अंतर्गत राज्य में लगभग 1.20 लाख जलापूर्ति योजनाओं का निर्माण किया गया है, जिनके संचालन एवं अनुरक्षण के लिए नियुक्त पम्प चालकों एवं अनुरक्षकों में महिलाओं की भागीदारी लगभग आधी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 18 मार्च 2026 को, बापू टावर पटना में प्रत्येक लोक स्वास्थ्य प्रमंडल से एक-एक महिला पम्प चालक को सम्मानित किया गया है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का विस्तार करते हुए अधिकाधिक महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित