जालौन , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने जालौन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, उनकी निगरानी के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम तथा उनकी कार्यप्रणाली की जांच की। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, प्रवेश द्वार पर चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था और गोपनीय कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बरतें। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित