चंडीगढ़ , मई 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा स्थित अरुणाय में श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' में शामिल हुए और मंदिर में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस कार्यक्रम में 101 महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गयी, जिसे मुख्यमंत्री ने रवाना किया। धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्री सैनी ने 48 कोस के विभिन्न तीर्थ स्थलों से पहुंचे संत-महात्माओं का स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में निर्मित अरुणाय लंगर हॉल का उद्घाटन भी किया। साथ ही सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा लगाई गयी 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' विषयक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है।

इससे पहले श्री सैनी ज्योतिसर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित