भरतपुर , अप्रैल 09 -- राजस्थान में भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके में गुरुवार को बस में सवार होकर अपनी टीम के साथ ड्यूटी पर जा रहा 7वीं आरएसी की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम का एक हेड कांस्टेबल अपनी ही पिस्टल की गोली पेट में लग जाने से गम्भीर रूप से घायल हो गया।

आज शाम कृष्णा नगर क्षेत्र में हुई इस घटना में घायल हेड कांस्टेबल का नाम विष्णु निवासी कागारौल जिला आगरा बताया गया है। घायल हेडकांस्टेबल को आपात स्थिति में भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरएसी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन से ड्यूटी के लिए शहर के कुम्हेर गेट पॉइंट पर जा रही आपातकाली प्रतिक्रिया टीम के साथ बस में बैठे हेड कांस्टेबल विष्णु की कमर में पिस्टल टंगी हुई थी। पिस्टल को जैसे ही विष्णु ने साइड से उठाया तभी पिस्टल निकालते समय कॉक हो जाने से गोली चल गयी।

गोली विष्णु के पेट से होकर आर पार हो गई। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार विष्णु की सिटी स्कैन की जा रही है उसके बाद ही पता लगेगा की कितना घाव हुआ है। फिलहाल विष्णु की हालत ठीक बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित