सोनीपत , मई 09 -- हरियाणा के सोनीपत में नगर निगम चुनावों के बीच पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने खरखोदा क्षेत्र में शनिवार को बड़ी शराब तस्करी का खुलासा किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिपली केएमपी के नीचे लाला होटल पार्किंग में खड़े 22 पहिया ट्रेलर से 1,238 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। शराब को चावल के छिलकों की बोरियों के नीचे छिपाया गया था।
जांच में सामने आया कि शराब पर चंडीगढ़ के लेबल लगे थे और इसे चुनाव के दौरान आपूर्ति किया जाना था। मौके से चालक और मालिक फरार मिले, जबकि पुलिस ने एक मोबाइल फोन बरामद कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर नंबर एचआर-84-3609 के आधार पर नेटवर्क की जांच जारी है।
बरामद खेप में 13,416 बोतलें और 5,760 क्वार्टर शामिल हैं। आबकारी विभाग और पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित