पिथौरागढ़ , जुलाई 02 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में गुरुवार को विकसित 'भारत - रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने दर्जा राज्य मंत्री गणेश भण्डारी, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी गोस्वामी और विधायक प्रतिनिधि संतोष गोस्वामी की उपस्थिति में किया।

दर्जा राज्य मंत्री गणेश भण्डारी ने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और समग्र विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और गांवों के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि नई योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा के तहत कार्यरत श्रमिकों को भी नई व्यवस्था में बिना किसी बाधा के रोजगार मिलता रहेगा। उन्होंने लोगों से योजना को लेकर किसी भी तरह की भ्रांति से बचने और जनप्रतिनिधियों से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मिशन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और लाभों की जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।

इस अवसर पर मनरेगा के तहत 100 कार्य दिवस पूरे करने वाली आठ महिला श्रमिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही विकासखंड पिथौरागढ़ की लेलू और चैसर ग्राम पंचायतों में मिशन के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम का संचालन उद्योग विभाग की महाप्रबंधक कविता भगत ने किया। इसमें जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित