पिथौरागढ़ , जून 29 -- उत्तराखंड में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष अभियान समूह (एसओजी) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार रात लगभग 12.25 लाख रुपये मूल्य की स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अक्षय प्रहलाद कोंडके ने सोमवार को यह जानकारी दी। श्री कोंडके के अनुसार प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी और कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम की ओर से बीती रात को सिल्थाम से मिशन इंटर कॉलेज के बीच सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 415 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदेश कुमार (19) निवासी भाटकोट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12.25 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बरामद हेरोइन को नानकमत्ता से खरीदकर लाया और इसे छोटी-छोटी पुड़ियों के माध्यम से स्थानीय ग्राहकों को बेचता था। पुलिस आरोपी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित