पिथौरागढ़ , अगस्त 03 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ़ जिला पुलिस ने मंदिरों में एक के बाद एक लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की नकदी के साथ 213.7 ग्राम चरस भी बरामद की गई है।

पिथौरागढ़ पुलिस अधीक्षक (एसपी) अक्षय प्रहलाद कोंडे ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कोतवाली पिथौरागढ़ के अंतर्गत कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आयीं थीं। अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी (एसएचओ) ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रविवार को एचोली क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने सन्तोष धामी उर्फ सन्नी धामी (21) निवासी ग्राम गलाती, धारचूला को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने 31 मई की रात ग्राम पौण स्थित चण्डिका मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से चोरी के 1,900 रुपये भी बरामद किए गए, जिसके आधार पर उस पर बीएनएस की 317(2) धारा भी जोड़ी गयी।

गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में आरोपी के पास से 213.7 ग्राम अवैध चरस भी बरामद हुई। इस संबंध में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की संलिप्तता भदेलवाड़ा, पुनेड़ी और लिन्ठ्यूड़ा स्थित मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में भी रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित