पिथौरागढ़ , जुलाई 18 -- उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के कासनी ग्राम स्थित सेरादेवल मंदिर परिसर में आयोजित नदी महोत्सव कार्यक्रम में जल स्रोतों और नदियों के संरक्षण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर देते हुए इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

स्वजल और स्प्रिंग एंड रिवर रिजूविनेशन अथॉरिटी (सारा) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्यमंत्री गणेश भण्डारी तथा जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, 130 इको टास्क फोर्स, देव सिंह इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। इसके बाद सेरादेवल मंदिर स्थित चन्द्रभागा और देवभागा नदियों के संगम पर विधि-विधान से नदी पूजन एवं दीपदान किया गया।

सारा के सदस्य सचिव भरत सिंह ने जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए बताया कि संस्था वैज्ञानिक तरीके से जल स्रोतों और नदियों के पुनर्जीवन का कार्य कर रही है। उन्होंने "धारा मेरा, नौला मेरा, साफ प्रयास मेरा संकल्प" अभियान और "एक जनपद-एक नदी" योजना के तहत रामगंगा नदी सहित विभिन्न जल स्रोतों के संरक्षण कार्यों की जानकारी दी।

130 इको टास्क फोर्स के कर्नल गौरव नेगी और प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह ने कहा कि नदियों के संरक्षण के लिए वृक्षारोपण, स्वच्छता और जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से जलागम क्षेत्रों और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

मुख्य अतिथि गणेश भण्डारी ने प्रधानमंत्री के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि नदी महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जल संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को जनभागीदारी के माध्यम से बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि "नदी बचेगी तो भविष्य बचेगा" का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाना होगा।

कार्यक्रम के दौरान देव सिंह इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण पर आधारित रोल प्ले प्रस्तुत किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित