पिथौरागढ़ , मई 16 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थल क्षेत्र में थल-मोटर मार्ग पर ग्राम चौपड़ा के तोक छेण के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर थाना थल पुलिस, राजस्व उप निरीक्षक चौपड़ा की टीम तथा 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।मृतकों की पहचान प्रदीप सिंह बवाला तथा योगेश देव निवासीगण ग्राम मालाथोली, पट्टी सतगढ़, तहसील थल के रूप में हुई है जबकि बलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

उधर, मुनस्यारी क्षेत्र में ईको पार्क के पास हरकोट बैण्ड में एक आर्टिका कार संख्या यूके 05 टीए 5586 अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से लगभग 20 फीट नीचे खाई में गिर गई। वाहन में सात लोग सवार थे। हादसे में नेत्र सिंह राणा निवासी बला, नाचनी की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित