पिथौरागढ़ , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में पशुधन को खुरपका-मुंहपका जैसे संक्रामक रोग से बचाने के लिए 45 दिवसीय व्यापक टीकाकरण अभियान गुरुवार से शुरू हुआ।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पशुओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना, उनकी उत्पादकता बढ़ाना और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाना है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं।

अभियान के तहत जनपद में कुल 3.51 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 1.41 लाख गौवंशीय एवं महिष वंशीय पशु और 2.10 लाख भेड़-बकरियां शामिल हैं। इसके लिए पशुपालन विभाग ने 52 टीमें गठित की हैं, जिनमें 160 से अधिक कार्मिक तैनात किए गए हैं। ये टीमें गांव-गांव जाकर घर-घर पशुओं का टीकाकरण करेंगी।

पशुपालन विभाग के अनुसार तीन माह से कम आयु के पशुओं और छह माह से अधिक गर्भवती पशुओं को इस अभियान से बाहर रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित