पिथौरागढ़ , अप्रैल 12 -- उत्तराखंड के सीमांत जिला पिथौरागढ़ में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में कलियुगी पुत्र ने अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को ग्राम पुरान निवासी बिशनराम की हत्या की घटना सामने आई थी। मृतक के भतीजेसूरज कुमार ने सूचना दी कि उनके चाचा अपने घर में घायल अवस्था में पड़े हैं।
पिथौरागढ़ पुलिस की एक टीम उप निरीक्षक ललित डंगवाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। घायल बिशन राम ने बताया कि उनके पुत्र गौरव कुमार ने हथौड़े से उस पर हमला किया है।
गंभीर रूप से घायल बिशन राम को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की और मात्र कुछ घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित