पिथौरागढ़ , अगस्त 09 -- उत्तराखंड के संवेदनशील पिथौरागढ़ जिले में आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में न्यूनतम रिस्पांस टाइम के साथ त्वरित राहत व बचाव कार्य शुरू करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास तथा आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आपदा की दृष्टि से पिथौरागढ़ बेहद संवेदनशील है, इसलिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करना होगा ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि आपदा या अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पेयजल लाइनों की मरम्मत में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और लंबित विस्थापन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने क्षतिग्रस्त विद्यालयों, पंचायत भवनों और जनोपयोगी सरकारी इमारतों के पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के आदेश दिए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों की स्थिति बेहतर रखने और जहाँ भवन नहीं हैं, वहाँ भूमि चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित