पिथौरागढ़ , अगस्त 25 -- हिमालय बचाओ संघर्ष समिति ने पिथौरागढ़ जिला अस्पताल को जौलजीबी स्थानांतरित करने की मांग की है।

समिति के प्रदेश अध्यक्ष जगत सिंह मर्तोलिया ने बताया कि इस मांग के समर्थन में 15 बिंदु तय कर लिए गए हैं और जल्द ही प्रतिनिधिमंडल देहरादून जाकर मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेगा।

समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि पिथौरागढ़ मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज बनने के बाद जिला अस्पताल को शिफ्ट करने पर शासन स्तर पर विचार चल रहा है, जिस पर समिति ने जौलजीबी में स्थानांतरित करने का दावा पेश किया है।

श्री मर्तोलिया के अनुसार भारत-चीन-नेपाल सीमा से सटी जनता तथा मुनस्यारी, धारचूला, डीडीहाट व कनालीछीना विकासखंडों के साथ नेपाल के मरीजों के लिए भी जौलजीबी उपयुक्त स्थान होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में टनकपुर-जौलजीबी तथा बांसबगड-बंगापानी मोटर मार्ग बनने के बाद मूनाकोट, बेरीनाग व बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा।

समिति की ओर से जिला अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी समिति ने स्वयं लेने की बात कही है।

समिति ने इस मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीमांत गांवों को "प्रथम गांव" बनाने के विजन से भी जोड़ा है। श्री मर्तोलिया ने जल्द ही जौलजीबी में इस मुद्दे पर महापंचायत आयोजित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित