पिथौरागढ़ , जून 18 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के वड्डा बाजार में दो सैनिकों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 04 जून को वड्डा बाजार में सेना के दो जवानों के साथ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसमें सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में थाना जाजरदेवल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष जाजरदेवल मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी, साक्ष्य संकलन और पतारसी के आधार पर घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रविन्द्र थरकोटी निवासी ग्राम लेलू, जगदीश चन्द्र खड़ायत निवासी तल्ली रियांसी तथा कमलेश सिंह निवासी ग्राम लेलू शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुप्रिया नेगी, अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल होशियार सिंह तथा हेड कांस्टेबल जरनैल सिंह शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित