पिथौरागढ़ , मार्च 15 -- त्तराखंड में चीन सीमा से सटे पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी में रविवार को एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना पिथौरागढ़-मुनस्यारी मार्ग पर बंगापानी के उमरगड़ा में हुई है। बताया जा रहा है कि इनोवा कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित कार गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जौलजीबी प्रदीप यादव और मुनस्यारी कोतवाल नीरज चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) और पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला।

इस हादसे में लक्ष्मण सिंह (30) निवासी धुरातोली, मुनस्यारी और अंकित पांडेय (30) निवासी पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आयुष पंत (26) निवासी टकाना और देवेंद्र पंत (25) पुत्र ललित पंत निवासी उत्सव गंभीर रूप से घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित