देहरादून/नैनीताल , अप्रैल 20 -- उत्तराखंड के नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों में पिछले 24 घंटों में हुई अलग अलग कुल चार अग्निकांडों में एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई, जबकि वनाग्नि में कई हेक्टेयर वन राख में तब्दील हो गया।
सोमवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ की तहसील गंगोलीहाट में रविवार को समय प्रातः 9.00 बजे ग्राम बोक्टा में एक आवासीय मकान में आग लग गई। जिसमें पुष्कर सिंह पुत्र बहादुर सिंह नामक व्यक्ति, जो मानसिक रूप अस्वस्थ था, के झुलसने के कारण मृत्यु हो गई।
इसके अलावा, नैनीताल जनपद में तीन वनाग्नि की घटना हुईं। इसमें पहली घटना समय सायंः 7:30 बजे लगभग नैनीताल बॉर्डर अंतर्गत भवाली रेंज के नागरी गांव के जंगल में आग लगने की हुई। जिसमें वन विभाग की टीम द्वारा रात्रि 11:30 बजे आग बुझा दी गई। लगभग इसी समय भवाली रेंज के ही सातताल के चट्टानी क्षेत्र के जंगल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जिसमें वन विभाग की टीम द्वारा आग को बुझाने का कार्य अभी भी किया जा रहा है। यहां अभी तक 2.5 हैक्टेयर वन क्षेत्र जल चुका है। तत्पश्चात तीसरी बनाग्नि सायंः 8:00 बजे लगभग मनोरा रेंज के आलूखेत क्षेत्र के कैंटोमेंट एरिया में हुई है। जिसमें वन विभाग की टीम द्वारा आग को बुझाने का कार्य किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित