बांदा , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट धाम मंडल बांदा में पितृ विसजर्नी अमावस्या के पर्व पर चित्रकूट के श्रद्धालुओं की आवागमन की सुविधा के लिये पूर्व में संचालित बसों के अलावा 45 अतिरिक्त रोडवेज बसों और दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुक्रवार से शुरू हो गया। चित्रकूट धाम मंडल में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राम लवट बताया कि चित्रकूट धाम मंडल में पूर्व में संचालित रोडवेज बसों के अलावा बांदा डिपो से 15 , महोबा, राठ, हमीरपुर डिपो से 10 -10 अतिरिक्त रोडवेज बसों का चित्रकूट के लिए संचालन शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया चित्रकूट धाम मंडल के बांदा, महोबा, हमीरपुर जिलों के प्रमुख स्थानो से भी चित्रकूट के लिए सीधी बस सेवाएं उपलब्ध कराई गई है। साथ ही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भी आगे और अतिरिक्त बसों की तत्काल व्यवस्था होगी और यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों की हर तरह की सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने अधिकृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अमावस्या मेले में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से चित्रकूट धाम तक दो विशेष ट्रेन चलाई गई है। यात्रियों की संख्या के आधार पर आवश्यकतानुसार झांसी - बांदा मेमू ट्रेन को भी चित्रकूट धाम कर्वी तक आगे भेजा जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित