भिण्ड , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मेहगांव में पिता से नाराज होकर घर से निकली आठ वर्षीय बच्ची अपनी मां के पास पहुंच गई। बच्ची के लापता होने पर परिजन की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। बाद में बच्ची को मां के साथ बरामद कर दोनों को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया।
मेहगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस संजय कोच्छा ने आज बताया कि भारद्वाज कॉलोनी निवासी वैभव सक्सेना की आठ वर्षीय बेटी 16 अगस्त को बिना बताए घर से निकल गई थी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बच्ची को वाहन में बैठकर सरकारी अस्पताल की ओर जाते देखने की जानकारी दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची की मां डिंपल भी वर्ष 2024 में पति से विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई थी और उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। पुलिस ने डिंपल के ठिकाने का पता लगाकर वहां पहुंची तो बच्ची मां के साथ मिली।
पुलिस के अनुसार बच्ची ने बताया कि वह पिता से नाराज होकर मां के पास पहुंची है और उसके साथ रहना चाहती है। वहीं डिंपल ने पुलिस को बताया कि पति से विवाद के बाद वह वर्ष 2024 में घर छोड़कर चली गई थी और वर्तमान में एक अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है। पुलिस ने मां-बेटी को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। समिति बच्ची की सुरक्षा और पारिवारिक परिस्थितियों के आधार पर आगे का निर्णय लेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित