श्रीगंगानगर , अप्रैल 09 -- राजस्थान में बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र स्थित गौतम चौक के पास एक व्यक्ति ने पिता और पत्नी से हुए झगड़े के बाद घर में बनी अंडरग्राउंड पानी की टंकी में कूदकर आत्महत्या कर ली है।
धीरज ने आत्महत्या करने से पहले घर के मुख्य द्वार पर एक सुसाइड नोट लिखकर बाहर की तरफ टांग दिया था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पिता और पत्नी को जिम्मेदार ठहराया। नोट इसीलिए बाहर टांगा ताकिघर में अकेले होने के कारण उसकी मौत की सूचना जल्दी लोगों को मिल जाये। मुक्ता प्रसादनगर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक परमेश्वर सुथार ने बताया कि मृतक के चाचा सुरेंद्र लालवानी (54), निवासी मनेंद्रगढ़, जिला कोरिया,छत्तीसगढ़ की रिपोर्ट के आधार पर धीरज के पिता हरीश लालवानी और पत्नी पूर्णिमा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
धीरज लालवानी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसके दो संतान हैं। हरीश लालवानी का मध्यप्रदेश में अच्छा कारोबार है। धीरज अपनी पत्नी पूर्णिमा और बच्चों के साथ बीकानेर में रहता था, लेकिन यहां उसका कोई स्थिर या अच्छा काम नहीं था। वह शराब का नशा करने का भी आदी था, जिसके कारण घर में लगातार झगड़े और कलह चलते रहते थे।
इस स्थिति को देखते हुए पिता हरीश ने पिछले महीने धीरज को पत्नी और बच्चों सहित मध्य प्रदेश अपने पास बुला लिया था। वह धीरज को अपने कारोबार में जोड़ने की कोशिश कर रहे थे। धीरज परिवार सहित 22 मार्च को मध्य प्रदेश चला गया, लेकिन वहां भी पिता और पत्नी के साथ विवाद हो गया। इसके बाद वह 27 मार्च को अकेला बीकानेर लौट आया और पत्नी और बच्चों को मध्य प्रदेश में ही छोड़ दिया। धीरज तब से गौतम चौक के पास अपने घर में अकेला रह रहा था। शराब की लत और घरेलू क्लेश से तंग आकर उसने सुसाइड नोट लिखा और गेट पर टांग दिया। इसके बाद वह घर के अंदर भूमिगत पानी की टंकी में कूद गया।
विगत छह अप्रैल को गली से गुजर रहे लोगों ने मुख्य द्वार पर लगा कागज देखा और पढ़कर हैरान रह गये। नोट में धीरज ने साफ लिखा था कि वह पिता और पत्नी से परेशान होकर पानी के टैंक में कूदकर जान दे रहा है। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी से धीरज की लाश बरामद की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित