गोंदिया , अगस्त 29 -- महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक विवाद के बाद 32 वर्षीय युवक की पत्थर मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान नवाटोला गांव के निवासी मिथुन भैयालाल ठाकरे के रूप में हुई है। आधी रात के बाद रामनगर थाना क्षेत्र में अंगूर बगिया रोड पर एकदंत कॉलोनी के पास उस पर हमला किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मिथुन ने आरोपी संदीप मेश्राम (42) के पिता से गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसी बात से आक्रोशित होकर मेश्राम ने पास ही पड़ा एक भारी पत्थर उठाकर मिथुन के सिर पर वार कर दिया। पुलिस ने बताया कि हमले में आयी गंभीर चोट के कारण मिथुन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हमले में इस्तेमाल पत्थर को जब्त कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित