प्रतापगढ़ , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में महेशगंज थाना क्षेत्र के अठैसा गांव में पिता की हत्या कर शव घर के कमरे में दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मंगलवार को मुख्य आरोपी पुत्र विजय द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी विजय द्विवेदी शराब का आदी था और अक्सर अपने पिता जगदीश द्विवेदी से पैसे मांगता था। पैसे न मिलने पर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने 15 जुलाई की रात डंडे से पीट-पीटकर अपने पिता की हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक के बड़े पुत्र, जो वर्तमान में गुरुग्राम (हरियाणा) में रहते हैं, 22 जुलाई को अपने पैतृक गांव अठैसा पहुंचे तो उनके पिता और छोटे भाई विजय घर पर नहीं मिले। आसपास और रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों करीब एक सप्ताह से लापता हैं।

अगले दिन 23 जुलाई को छोटे भाई की पत्नी तथा गांव के सम्मानित लोगों की मौजूदगी में घर का ताला खोला गया। घर के पिछले कमरे में जमीन खुदी हुई मिली और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जांच में कमरे में दफनाया गया जगदीश द्विवेदी का शव बरामद हुआ।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर महेशगंज थाने में मुकदमा संख्या 179/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत विजय द्विवेदी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महेशगंज थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल की सहायता से मंगलवार को आरोपी विजय द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित