बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के खेड़ीसावलीगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र में पिता की फटकार से आहत होकर एक युवक द्वारा कीटनाशक पीने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना चुनालोमा गांव की है। मृतक की पहचान मुन्नालाल पिता रिंगू (25) के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। वह अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
परिजनों ने बताया कि मुन्नालाल लंबे समय से शराब पीने का आदी था। आरोप है कि उसने घर में रखे करीब तीन हजार रुपये निकाल लिए थे। इस पर पिता ने उसे फटकार लगाई, जिससे आहत होकर उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
कीटनाशक पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित