पटना , अप्रैल 25 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजेश राठौड़ ने शनिवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इस पद पर आए कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन उन्होंने पिछले शासन के भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की बात कहते हुए खुद को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बेहतर साबित करने का प्रयास शुरू कर दिया है।

श्री राठौड़ ने कहा कि विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने से पहले अपने अभिभाषण में श्री चौधरी ने कहा कि अब प्रदेश के थाने तथा अंचलों को मुख्यमंत्री का कार्यालय सीधे नियंत्रित करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी क्या नौबत आ गयी है कि बिहार के मुख्यमंत्री थाने और अंचल को सीधे अपने नियंत्रण में लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कहते हुए मुख्यमंत्री श्री चौधरी स्वीकार करते हैं कि प्रदेश के थानों और अंचलों में भ्रष्टाचार है और उस पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का वक्तव्य इस बात की तरफ भी इशारा करता है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पुलिस और अंचल में हो रहे भ्रष्टाचार को रोकने में असफल रहे थे।

कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि श्री चौधरी का यह कहना कि बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी की बपौती नही है, सीधे नीतीश कुमार की ओर इशारा करता है, जो दस बार प्रदेश के मुखिया रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित