होशियारपुर , सितंबर 01 -- पंजाब राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष मलकीत थिंद ने मंगलवार को अधिकारियों को पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए केंद्र और पंजाब सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत दूर किया जाये।

जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए थिंद ने पिछड़ा वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्रता और अधिकार के अनुसार पिछड़ा वर्ग समुदाय के लोगों को मिलने वाले लाभ में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

बैठक के दौरान आयोग के अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों से अलग-अलग योजनाओं के तहत अब तक दिये गये लाभों की विस्तृत जानकारी ली और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रगति की समीक्षा की। योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आयी कमियों पर गंभीर चिंता जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिये।

श्री थिंद ने पिछड़ा वर्ग समुदाय के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की तथा उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये।

उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रचारित करने को कहा, ताकि जागरूकता के अभाव में पिछड़ा वर्ग का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल बनाने और लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने देने पर भी जोर दिया।

सहायक आयुक्त गुरप्रीत कौर ने अध्यक्ष को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर, जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी हरपाल सिंह गिल, जिला रामगढ़िया वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह, चेयरमैन सैनी वेलफेयर कमेटी चब्बेवाल गुरमीत सिंह सैनी, सैनी वेलफेयर कमेटी होशियारपुर के चेयरमैन नरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और पिछड़ा वर्ग समुदाय के बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित