नई दिल्ली , अक्टूबर 16 -- पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड को उसकी 400 करोड़ रुपये की कर्ज सुविधा के लिए रेटिंग एजेंसी क्रिसिल से मजबूत संभावनाओं के साथ दीर्घकालिक 'ए प्लस ' रेटिंग मिली है।

कंपनी ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए कहा कि ये रेटिंग कंपनी के मजबूत होते व्यावसायिक और वित्तीय जोखिम प्रोफाइल को दर्शाती हैं। इसके प्रमुख कारकों में प्रीमियम अल्कोहलिक पेय पदार्थों के पोर्टफोलियो में तेजी से वृद्धि, ब्रांड की मजबूत पहचान, लाभप्रदता में सुधार और रणनीतिक उत्पादन क्षमता विस्तार शामिल हैं।

इंद्री सिंगल माल्ट और व्हिसलर व्हिस्की जैसे अल्कोहल आधारित पेय बनाने वाली कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में परिचालन से 1,038 करोड़ रुपये की आय दर्ज की थी जो वर्ष 2024-25 के 818 करोड़ रुपये की तुलना में महत्वपूर्ण वृद्धि को दर्शाता है। इसी अवधि में कंपनी का कर पश्चात लाभ 102 करोड़ रुपये से बढ़कर 138 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का परिचालन मार्जिन वित्त वर्ष 2019-20 के 10 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 22.5 प्रतिशित हो गयी ।

कंपनी के उत्पाद 31 देशों में जाते हैं और भारत में इसका बड़ा खुदरा बिक्री तंत्र है। कंपनी ने कहा है कि हरियाणा स्थित इंद्री संयंत्र में विनिर्माण क्षमता के महत्वपूर्ण विस्तार और छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन दो लाख लीटर क्षमता वाले नए नये कारखाने के चालू होने से कंपनी की परिचालन क्षमता में और वृद्धि हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित